सोनीपत इंडिया की दहाड़ , ( आदेश त्यागी ) बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस की टीम पर फायरिंग कर दी गई। इस घटना में छर्रे लगने से दो पुलिस घायल हो गए। घायल पुलिस कर्मियों को गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। बदमाश कोहरे का फायदा उठा कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर थाना के एएसआइ ईश्वर सिंह, सिपाही प्रदीप व चालक सुच्चा सिंह के साथ सोमवार की रात को जिप्सी में शहर में गश्त कर रहे थे। पुलिस की टीम गश्त करते हुए पानीपत चुंगी के निकट पहुंची। तभी गांव गढ़ी की तरफ से तेज रफ्तार में एक पिकअप गाड़ी आई। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पिकअप चालक ने गाड़ी न रोक कर उसे भगा लिया। पुलिस ने उनका पीछा शुरू कर दिया। पुलिस जब उनका पीछा करते हुए सोनीपत रोड स्थित नई सब्जी मंडी के निकट पहुंची तो पिकअप सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जिप्पी चालक सुच्चा सिंह और सिपाही प्रदीप छर्रे लगने से घायल हो गए। एक गोली जिप्सी के पीछे के हिस्से पर भी लगी। एएसआइ ईश्वर सिंह बाल-बाल बच गए। इसके बाद बदमाश कोहरे का फायदा उठा कर फरार हो गए। पिकअप वाहन में चार-पांच बदमाश सवार बताए गए हैं। घायल पुलिस कर्मियों को गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस कर्मी खतरे से बाहर बताए गए हैं। पुलिस ने अज्ञात चार-पांच के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आशंका व्यक्त की गई है कि पिकअप वाहन में गौ तस्कर सवार थे।