हरियाणा में आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 17 फरवरी को सोनीपत संसदीय क्षेत्र के गोहाना में एक रैली के माध्यम से पार्टी का शक्ति प्रदर्शन करेंगे। आप के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को राज्य से सत्ताच्यूत करने के लिये रैली को ‘‘खुट्टा पाड़‘‘ नाम दिया है। उन्होंने कहा कि जींद विधानसभा उपचुनाव ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा को सत्ता से बाहर करना कांग्रेस के बस की बात नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह से दिल्ली में भाजपा का विजय रथ रोका गया था उसी तरह से हरियाणा में भी आप ही भाजपा को सत्ता से बाहर करने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि आप राज्य में अब तक लगभग सभी लोकसभा क्षेत्रों में स्कूल-अस्पताल रैलियों का आयोजन कर चुकी है। उन्होंने कहा कि गोहाना रैली में प्रदेशभर से पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। रैली को सफल बनाने के लिए जिला और लोकसभा स्तर पर सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं की डयूटियां लगाई जा चुकी हैं। रैली में शामिल होने वाला प्रत्येक कार्यकर्ता अपने हाथों में अपने क्षेत्र की समस्याओं से सम्बंधित बोर्ड अथवा बैनर लेकर आएगा। जिसके माध्यम से यह बताया जाएगा कि राज्य की भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को कथित तौर पर भूल चुकी है।
जींद उपचुनाव को लेकर आप प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि जींद में भाजपा का गत पचास सालों में खाता भी नहीं खुला था और इस बार उसने भारी अंतर से चुनाव जीता है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने इंडियन नेशनल लोकदल नेता अभय चौटाला और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद, सिंह हुड्डा के जेल जाने की आशंका के चलते भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया। जननायक जनता पार्टी(जजपा) या बहुजन समाज पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन की सम्भावनाओं को लेकर सवाल पर उन्होंने कहा कि जजपा ने जींद उपचुनाव में आप से समर्थन की मांग की थी।
अब राज्य में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच पुन: बैठक होगी तथा इसके बाद ही कोई निर्णय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और इनेलो को छोड़ आप अन्य किसी भी दल से गठबंधन पर बातचीत करने के लिये तैयार है। दिल्ली में आप की सरकार द्वारा लागू की गई स्वामीनाथन रिपोर्ट को उन्होंने श्री जयहिंद ने कहा कि समूचे देश में आप ही ऐसी पार्टी है जिसने अपने चुनाव घोषणापत्र में न होते हुये भी किसानों के लिये स्वामीनाथन रिपोर्ट अक्षरश: लागू कर 2650 रूपये प्रति कि्वंटल गेहूं का सर्वाधिक समर्थन मूल्य दिया है