स्टाफ रोड से अब कैंट में प्रवेश करने पर अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। ढाई करोड़ रुपये की लागत से पहली बार नगर निगम कैंट में प्रवेशद्वार स्थापित करने जा रहा है, जो काफी आकर्षक होगा। प्रवेशद्वार में अंबाला के साइंस सिटी की झलक भी देखने को मिलेगी। निगम अधिकारियों की मानें तो टेंडर एवं वर्क परमिट अलॉट किया जा चुका है। आगामी दस दिनों में निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
नगर निगम की ओर से स्टाफ रोड पर डीलक्स ढाबे के समक्ष स्थान को चयन किया गया है जहां पर प्रवेशद्वार का निर्माण होगा। योजना के अनुसार यहां पर प्रवेशद्वार बनाया जाएगा। यह आधुनिक तकनीक से बनेगा, जिस पर सुंदर एवं जगमग रोशनी भी की जाएगी। रात्रि के समय इसकी अलग ही भव्यता होगी। कैंट के प्रमुख साइंस उद्योग की झलक प्रदर्शित करने के लिए इस पर साइंस सिटी से जुड़े कुछ स्लोगन एवं डिजाइन भी दिए जाएंगे। जीटी रोड से स्टाफ रोड पर प्रवेश करते ही यह सुंदर द्वार बाहर से आने वाले लोगों को खूब आकर्षित करेगा।