रेलवे ओवरब्रिज के पास वाक-वे विकसित करने की तैयारी मंत्री कविता जैन के निर्देश पर नगर निगम ने उत्तर रेलवे को भेजा प्रपोजल प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख समेत अधिकारियों ने देखा मौका, निगम खर्च करेगा राशि

 सोनीपत ( आदेश त्यागी )01- SNP-1 सोनीपत , प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख राजीव जैन अधिकारियों संग मुआयना करते हुए।
सोनीपत। रेलवे स्टेशन के नजदीक लगते ज्ञान नगर, भीम नगर, कल्याण नगर के बाशिंदों के लिए अच्छे दिन आने वाले हैं। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने रेलवे ब्रिज के नीचे गन्दगी से अंटी हुई तकरीबन पांच एकड़ जमीन पर वाक-वे बनाने की सम्भावना पर निगम अधिकारियों को काम करने के निर्देश दिए, जिसके बाद अब उत्तर रेलवे को इस संबंध में प्रपोजल भेज दिया गया है। इसकी संभावनाओं का मुआयना प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख राजीव जैन ने भी अधिकारियों संग किया।
गोहाना रोड रेलवे ब्रिज से शनि मन्दिर अंडर पास तक खाली पड़ी रेलवे की जमीन पर लम्बे समय से अतिक्रमण और अधिक गंदगी, कूड़ा-कचरा होने की परेशानियां शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन तक पहुंच रही थी। इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री कविता जैन ने नगर निगम के अधिकारियों को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे। इस स्थान के हजारों लोगों, विशेषकर साथ लगते ज्ञान नगर, भीम नगर और कल्याण नगर के बाशिंदों की सहूलियत को देखते हुए प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख राजीव जैन ने नगर निगम के एक्सईएन अशोक मलिक, जेई नरेंद्र कुमार, रेलवे के स्थानीय अधिकारियों सीनियर स्टेशन इंजीनियर ओपी नागपाल सहित मौका मुआयना किया। आस-पास की कालोनियों के निवासियों, मजदूरों द्वारा इस स्थान को खुले में शौच करने के लिए प्रयोग करने तथा आस-पास के क्षेत्रों के कूड़ा-कचरा डालने से स्तिथि नारकीय हो रही थी। इससे हजारों लोगों के आवागमन वाले इस क्षेत्र में यह बदनुमा दाग की तरह नजर आ रहा था। प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख राजीव जैन ने बताया कि नगर निगम इस स्थान पर पड़े कचरे को न केवल उठाने के लिए तैयार है, अपितु पैदल चलने के रास्ते (वाक-वे) का निर्माण करके सजावटी पेड़ पौधे लगाने के लिए भी तैयार है। इससे न केवल इस क्षेत्र की गन्दगी समाप्त हो जाएगी, अपितु शहर व रेलवे लाइन के साथ खाली पड़ी जमीन का सौन्दर्यकरण भी होगा। इससे रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों व साथ लगती आबादी क्षेत्र को बेहतर वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी रेलवे की जगह पर शहरी स्थानीय निकाय बहादुरगढ़ में ऐसा स्थान विकसित कर चुका है। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में आयुक्त नगर निगम द्वारा उत्तर रेलवे के मण्डल प्रबंधक को आगामी कार्यवाही के लिए प्रस्ताव तैयार करके भेज दिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *