सोनीपत इंडिया की दहाड़ , ( आदेश त्यागी ) ,
हरियाणा सरकार प्रदेश में समान भाव से विकास करवा रही है। गली-कूचों की बदहाल व्यवस्था को दुरूस्त करना हमारा मकसद है। इस दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है, क्योंकि हरियाणा की जनता विकास का हकदार है। शहरी स्थानीय निकाय, महिला एवं बाल विकास, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा मंत्री कविता जैन ने आमजन से आह्वान किया कि वह व्यवस्था परिवर्तन के साक्षी बनें और ढांचागत सुधार में योगदान दें। मंत्री कविता जैन ने रविवार को कालुपूर चुंगी पर विश्वकर्मा चौक का लोकार्पण, लहराडा में 91 लाख रूपए की लागत से तीन गलियों के निर्माण कार्य का श्रीगणेश तथा सुभाष स्टेडियम में खिलाडियों की बरसों पुरानी मांग शूटिंग रेंज के 25 लाख रूपए की राशि से निर्माण एवं विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि बीते दो साल से हरियाणा सरकार बिना भेदभाव के काम कर रही है। पूर्व सरकारों को लोगों की वोट से मतलब होता था, लेकिन प्रदेश में पहली बार ऐसी सरकार है, जो जनता को विकास की हकदार मानती है। गरीबों के नाम पर लूट-खसोट मचाने वाले लोग 60 साल में भी आमजन की गरीबी नहीं मिटा पाए। उन्होंने कहा कि बीते 10 सालों से लहराडा विकास से तरस रहा था। आज यहां 91 लाख रूपए की राशि से गलियों के निर्माण कार्य शुरू हो रहे हैं, जबकि 50 लाख रूपए की राशि से रविदास सामुदायिक केंद्र तथा 10.50 लाख रूपए की राशि से जोगियान चौपाल का कार्य प्रगति पर है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सोनीपत सुनियोजित विकास की राह पर बढ चुका है। यहां गलियों के निर्माण से लेकर पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए योजना बनाकर काम किया जा रहा है। पहली बार भाई-भतीजावाद को दरनिकार करते समान भाव से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सोनीपत में खिलाडियों की क्षमता को निखारने के लिए शूटिंग रेंज अगले दो महीने में बनकर तैयार हो जाएगी, जिसपर 25 लाख रूपए की राशि खर्च होगी। यही नहीं 27 नवंबर को नई अनाज मंडी में आयोजित हुई सोनीपत कायाकल्प रैली के दौरान भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सुभाष स्टेडियम में 2 करोड रूपए की राशि खर्च कर खेल सुविधाओं को सुदृढ करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि सोनीपत को शिक्षा के साथ-साथ खेलों का हब भी बनाया जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम एक्सईएन अशोक मलिक, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी प्रेमसिंह हुड्डा, भाजपा नेता हुकम सिंह जोगी, वेद कालुपूर, दीपक पांचाल, सुरेंद्र शर्मा, कुश्ती प्रशिक्षक राजसिंह छिक्कारा, देवेंद्र गुलिया आदि मौजूद रहे।