नोटबंदी देश की व्यवस्था को देगी मजबूती : जैन

सोनीपत इंडिया की दहाड़ , ( आदेश त्यागी )  19 - SNP-1 भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख एवं बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान के प्रदेश संयोजक राजीव जैन ने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था को घुन की तरह बर्बाद कर रहे कालाधन और भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लागू नोटबंदी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही सरकार अब मुद्रा बैंकिंग के माध्यम से उन्हें अधिक आर्थिक सहायता उपलब्ध करा सकेगी।
वह मुरथल अड्डा पर श्रीराम चौक, इको टायलेट, भीम नगर में चौपाल का लोकार्पण एवं पटेल नगर की गली नंबर चार में 18 लाख रूपए की राशि से अधूरे पडे निर्माण कार्य को पूरा करवाने का शिलान्यास करने के उपरांत नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश का आम आदमी नोटबंदी को जायज मानते हुए लाइन में जिम्मेदारी के साथ लगा हुआ है, लेकिन केवल पांच लोग हैं, जिन्हें इस नोटबंदी के कारण परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश में अमीरी-गरीबी के मध्य की खाई को पाटने का काम करेगी। आज न केवल सरकार, अपितु आम भारतीय देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कैशलेस प्रणाली की ओर बढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद अब विकास कार्यों के लिए भी धन की कमी नहीं रहेगी। सरकार पूर्व सरकारों की भेदभाव नीति को छोडकर समान भाव से विकास करवा रही है।
भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि सोनीपत में विकास कार्यों को सुनियोजित तरीके से करवाने पर जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा भी शहर के बिजली के पुराने तारों, नई लाइन लगाने के लिए मंजूरी, पीने के पानी की लाइन और गंदे पानी की निकासी के लिए बेहतर तंत्र तैयार करने की मंजूरी दी गई है। जल्द ही इस पर काम शुरू होगा, जिसके बाद शहर में पीने के पानी, गंदे पानी की निकासी के लिए आमजन को परेशान नहीं होना पडेगा। इस अवसर पर नगर निगम सोनीपत के एसई ठाकुर लाल शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री मनोज जैन, श्याम सैनी, निर्मल जैन, मनोज शर्मा, मनीष भारद्वाज, राकेश शर्मा, ब्रह्मपाल सैनी, अशोक, रंगलाल नंबरदार, मंजीत, छोटू, अनिल पहलवान, प्रदीप आंतिल आदि मौजूद रहे।
————————

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *