पर्यावरण संरक्षण व सुखद भविष्य के लिए पौधारोपण जरूरी: निर्मल चौधरी

गन्नौर, जुलाई।  गन्नौर हलका विधायक निर्मल चौधरी ने गुरूवार को औद्योगिक क्षेत्र बड़ी में पौधारोपण करते हुए लोगों को इसके लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अत्यधिक आवश्यक है। यह आज के समय की मांग और भविष्य की आवश्यकता है। पौधारोपण की जरूरत को गंभीरता से समझने की जरूरत है।

एचएसआईआईडीसी बड़ी में विधायक निर्मल चौधरी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमें वर्तमान के साथ आने वाली पीढ़ी के विषय में भी सोचना होगा। यदि वनक्षेत्र व पेड़ों का अंधाधुंध दोहन किया गया तो भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। पेड़ों के बिना प्राकृतिक संतुलन बिगड़ जाएगा, जिसके दुष्परिणाम मानव जाति को ही भुगतने पड़ेंगे। इसलिए समय रहते स्थिति को समझकर संभलने की आवश्यकता है।

विधायक निर्मल चौधरी ने कहा कि सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक इत्यादि संस्थाओं को अधिकाधिक पौधारोपण करना चाहिए। व्यक्तिगत स्तर पर भी लोगों को स्वयं पौधारोपण करना चाहिए। स्कूलों में विशेष रूप से पौधारोपण करना चाहिए, ताकि बच्चों को शुरुआत से ही पेड़-पौधों के महत्व से अवगत कराया जा सके। उन्होंने कहा कि गन्नौर हलके में सबके सहयोग सेपौधारोपण अभियान जारी रखा जाएगा। समय-समय पर पौधारोपण किया जाएगा।

इस मौके पर गन्नौर के एसडीएम सुरेंद्रपाल ने भी औद्योगिक क्षेत्र परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाये रखने के लिए पौधारोपण जरूरी है। विभागीय स्तर पर भी अभियान को गति देने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर शमशेर शर्मा सहित अन्य उद्योगपति मौजूद थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *