आम आदमी पार्टी चीन के मसले पर पूरी तरह से केंद्र सरकार और भारतीय सेना के साथ खड़ी है: सुखबीर सिंह मलिक

*- भारत-चीन सीमा पर हुई घटना को लेकर आज पूरा देश आक्रोशित है और केंद्र की भाजपा सरकार से कुछ सवालों का जवाब चाहता है –
सुखबीर सिंह मलिक

– आखिर किस कारण से हमारे जवानों को बंधक बनाए जाने की खबर केंद्र में बैठी भाजपा सरकार ने छिपाई –

– चीनी कंपनियों और चीन से आयात हो रहे सामग्रियों को रोककर आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में सरकार क्या पहल करने वाली है-

– भारत-चीन बॉर्डर पर गए सैनिकों के पास हथियार क्यों नहीं थे –

– आम आदमी पार्टी चीन के मसले पर पूरी तरह से केंद्र सरकार और भारतीय सेना के साथ खड़ी है-

20 जून, 2020

आम आदमी पार्टी के पानीपत जिला अध्यक्ष सुखबीर सिंह मलिक ने भारत- चीन सीमा विवाद को लेकर केंद्र सरकार की दुर्भाग्यपूर्ण रवैये के खिलाफ आयोजित ‘आक्रोश प्रदर्शन’ करते हुए कहा केंद्र में बैठी भाजपा सरकार से देश कुछ सवालों का जवाब चाहता है। भारत-चीन सीमा पर हुई घटना को लेकर आज पूरा देश आक्रोशित है। ऐसे संवेदनशील और गंभीर मुद्दे पर केंद्र में बैठी भाजपा सरकार देश की जनता से झूठ क्यों बोल रही है?
पानीपत जिला अध्यक्ष सुखबीर सिंह मलिक ने कहा कि आज भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर देश जवाब चाहता है। काफी लंबे समय से भारत-चीन सीमा विवाद चल रहा है। यह खबर भी सुनने में आई कि चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा कर लिया है। इसको लेकर दोनों देशों के बीच कई दौर की वार्ता भी चली, परंतु बावजूद उसके एक ऐसी घटना घटी, जिसको लेकर आज पूरा देश आक्रोशित है। देश के लोगों के मन में गुस्सा है। कई प्रकार के प्रश्न जनता के मन में उठ रहे हैं, केंद्र में बैठी भाजपा सरकार का जो रवैया रहा है, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले केंद्र सरकार ने कहा कि हमारे 3 जवान शहीद हुए हैं, फिर बताया गया कि हमारे 20 जवान शहीद हुए हैं। केंद्र सरकार ने यह झूठ भी बोला कि हमारा कोई भी सैनिक चीन के कब्जे में नहीं है, परंतु कल मीडिया के माध्यम से यह खबरें आई कि चीन ने 10 भारतीय सैनिकों को रिहा किया।

पानीपत आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुखबीर सिंह मलिक ने  प्रश्न पूछते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील और गंभीर मुद्दे पर केंद्र में बैठी भाजपा सरकार देश की जनता से झूठ क्यों बोल रही है? उन्होंने कहा कि यह देश की जनता के साथ एक विश्वासघात है, जो केंद्र की सरकार कर रही है। जवानों की शहादत की सही जानकारी न देना, आंकड़े छिपाना, देश को गुमराह करना, सीमा विवाद जैसे मसले पर सही जानकारी देश की जनता को न देना, यह देश की जनता के साथ एक बहुत बड़ा विश्वासघात है। सुखबीर सिंह मलिक ने कहा कि केंद्र में बैठी भाजपा सरकार बताए कि आखिर किस कारण से हमारे जवानों को बंधक बनाए जाने की खबर भाजपा सरकार ने छिपाई? आखिर किस कारण से पहले शहीद जवानों की संख्या 3 बताई गई और बाद में 20 जवान शहीद बताए गए। देश की जनता बहुत आक्रोश में है और देश की जनता सच जानना चाहती है?

मलिक ने कहा चीन के इस तरह के घृणित रवैये के बावजूद केंद्र सरकार चीनी कंपनियों और बैंकों को भारत में काम करने का मौका क्यों दे रही है? लगातार चीन से हो रहे खरबों रुपये के आयातों को रोकने तथा उन सामग्रियों को लेकर भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार क्यों पहल नहीं कर रही है? एक तरफ चीन हमारे देश पर हमला करता है दूसरी तरफ भारत सरकार चीनी कंपनियों को विभिन्न क्षेत्रों में लगातार ठेके देती चली जा रही है, ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

मलिक ने कहा कि यह बड़ा ही संवेदनशील मुद्दा है, हम जवानों की शहादत पर किसी प्रकार की राजनीति नहीं करना चाहते। हम अपने देश के जवानों के साथ खड़े हैं, परंतु देश की जनता भारत और चीन सीमा पर शहीद हुए भारतीय सैनिकों की शहादत का बदला चाहती है। हमारे जवानों की शहादत बेकार नहीं जानी चाहिए। हमारे जवानों की शहादत का भारत की सरकार चीन से बदला ले। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी चीन को मुंहतोड़ जवाब दें। सुखबीर सिंह मलिक ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मसले पर पूरी तरह से केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ खड़ी है।

मलिक ने कहा कि भारत माता की रक्षा के लिए हमारे देश के वीर सपूतों ने जो कुर्बानी दी है, वह मांग करती है कि भारत की जो जमीन चीन ने कब्जा कर ली है, भारत सरकार उसे चीन से वापस छीन कर लाए और 1 अप्रैल से पहले जो सीमा पर स्थितियां थी, वही परिस्थितियां एक बार फिर से बहाल की जाए। जो हमारा हिस्सा था, उसे आजाद कराया जाए। इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पानीपत में होने वाले इस आक्रोश प्रदर्शन में अनिल पांडे,कुलदीप शर्मा ,अजय शर्मा, डॉ मंजू मलिक व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *